रायबरेली , जून 13 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के जगतपुर क्षेत्र के हेवतहा गांव में शनिवार सुबह तेज बारिश के दौरान एक मकान की पक्की छत भरभराकर गिर गई। हादसे में घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर समेत अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। संयोगवश मकान में रहने वाला दिव्यांग दंपती घटना से कुछ समय पहले ही बाहर निकल गया था, जिससे जनहानि टल गई।

विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हेवतहा गांव निवासी सतीश पुत्र शीतलदीन और उनकी पत्नी सावित्री दोनों दिव्यांग हैं। शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तेज बारिश के बीच उनके मकान की पक्की छत अचानक ढह गई। उस समय दोनों किसी कार्य से घर के बाहर थे। छत गिरने से मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और घरेलू सामान मलबे में दब गया।

छत गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर जनप्रतिनिधि द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया गया। राजस्व विभाग को मामले की जानकारी मिलने के बाद लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

आपदा विभाग द्वारा आज शनिवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया गया कि बारिश के कारण सतीश के मकान की पक्की छत गिरने की घटना हुई है मगर कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित