अलवर , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में पंचायतराज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत अलवर जिले में दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को सुबह सात बजे शुरु हुआ और बेमौसम बारिश भी लोकतंत्र का उत्साह नहीं रोक पायी।
जिले में दूसरे चरण के तहत सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान जारी है और आज सुबह से ही लगातार हो रही बारिश के बावजूद मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। अपने गांव की सरकार चुनने और गांव के विकास की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मतदाता बारिश में भीगते हुए मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। अलवर जिले के राजगढ़ इलाके में बरसात के बीच मतदाता मतदान के लिए लिए पहुंच रहे है।
सुबह सात बजे से मतदान शुरु होने पर मतदाताओं का मतदान केन्द्रों पर पहंचने का सिलसिला शुरु हुआ और कहीं छाता लेकर तो कहीं सिर पर कपड़ा डालकर लोग मतदान करने पहुंच रहे हैं। वर्षा के कारण थोड़ी परेशानी जरूर हो रही है लेकिन लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाने के लिए ग्रामीणों का जज्बा देखने को मिल रहा है। महिला, पुरुष और बुजुर्ग मतदाता भी मौसम की परवाह किए बिना अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
अलवर जिले में 185 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए 1336 प्रत्याशी अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित