गरियाबंद , सितंबर 27 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार बारिश के बीच मैनपुर विकासखंड के राजापड़ाव क्षेत्र के गौरगांव में एक मकान ढहने से एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। बाढ़ के कारण रास्ता बाधित होने पर घायलों को खाट के सहारे उफनती नदी पार कराकर अस्पताल पहुंचाया गया।
आज प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरगांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात परिवार के सदस्य मकान के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे की चपेट में आने से परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए मैनपुर अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि लगातार बारिश और नदी-नालों के उफान पर होने के कारण घायलों को जिला अस्पताल ले जाने में मुश्किलें सामने आईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित