नयी दिल्ली , जुलाई 10 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी में हुई भारी बारिश के बाद जलभराव, सड़ते कचरे और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और नगर निगम पर निशाना साधा।

श्री यादव ने आरोप लगाया कि जलभराव और कचरे के कारण डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है, जबकि 'ट्रिपल इंजन' वाली बीजेपी सरकार नगर निगम में अपनी संख्या बढ़ाने के लिए विपक्षी पार्षदों को तोड़ने में व्यस्त है। राजधानी के कई इलाकों में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सड़कों, निर्माण स्थलों और कॉलोनियों में जमा पानी तथा नालों और सीवरों में फंसे कचरे ने मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर दिया है। नगर निगम शहर की सफाई और जल निकासी की मूल जिम्मेदारी निभाने में विफल रहा, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के जलभराव रोकने और नागरिक सुविधाएं सुधारने के दावे पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। नगर निगम को व्यापक सफाई अभियान चलाने के बजाय राजनीतिक गतिविधियों में उलझाया गया और आम आदमी पार्टी से अलग हुए पार्षदों के समूह के भाजपा में शामिल होने को इसका उदाहरण बताया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले किए गए बुनियादी ढांचे, सड़क, अस्पताल, यमुना सफाई और नालों की सफाई के वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई, बेरोजगारी और खराब नागरिक सुविधाओं से जूझ रही जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल राजनीतिक प्रचार में लगी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित