चंडीगढ़ , जुलाई 11 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में कल रात से लगातार बारिश हो रही है। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर भांखरपुर के पास घग्गर नदी में मछली पकड़ने गये मनीमाजरा के तीन दोस्त तेज बहाव में फंस गये। इनमें से दो युवक बह गये, उनके बारे में अभी जानकारी नहीं हो पायी है, जबकि तीसरा झाड़ियों का सहारा लेकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
भारी बारिश का असर पंजाब के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिला। लुधियाना के एसबीएस नगर सिटी सेंटर रोड पर सड़क बीच से धंसकर दो हिस्सों में बंट गयी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
हिमाचल प्रदेश में भी लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। किन्नौर जिले में सांगला घाटी को जोड़ने वाला वैली ब्रिज शनिवार रात ढह गया, जिससे घाटी का संपर्क पूरी तरह कट गया। शुक्रवार को हुई भारी बारिश के बाद पुल के निचले हिस्से में भूस्खलन होने से वह हवा में लटक गया था।
मौसम विभाग ने पंजाब के 15 जिलों में शनिवार को बारिश का अनुमान जताया है। हिमाचल प्रदेश से सटे पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरदासपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला और संगरूर में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है, हालांकि यह अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य का सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 39.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शुक्रवार सुबह छह बजे से शाम 5:30 बजे तक चंडीगढ़, बठिंडा, फाजिल्का, होशियारपुर और पठानकोट सहित कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 25.5 मिमी बारिश फाजिल्का में हुई, जबकि बठिंडा में 3.0 मिमी और चंडीगढ़ में 1.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित