श्रीनगर , अक्टूबर 06 -- जम्मू-कश्मीर के बारामूला शहर में मंगलवार को प्रशासन ने संसद हमले के दोषी मोहम्मद अफजल गुरु के रिश्तेदारों द्वारा सरकारी जमीन पर कथित तौर पर बनाये गये एक डेयरी फार्म शेड को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बारामूला शहर के गुलनार पार्क के पास बाढ़ बेसिन पर बनी इस संरचना को राजस्व विभाग द्वारा चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान ढहा दिया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की भारी टुकड़ी तैनात की गयी थी।

अधिकारियों के अनुसार, यह निर्माण सरकारी भूमि पर अवैध रूप से किया गया था। परिवार ने दावा किया कि उन्हें बेदखली या तोड़फोड़ से पहले कोई नोटिस जारी नहीं किया गया था। परिवार के एक सदस्य ने कहा, " प्रशासन के अधिकारी अचानक पहुंचे और दो मरला भूमि पर बनी संरचना को ढहा दिया। यह कार्रवाई दोपहर के आसपास की गयी।"प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह शेड अफजल गुरु की पत्नी तबस्सुम गुरु से जुड़ा हुआ था और पिछले लगभग एक दशक से इसका इस्तेमाल गौशाला के रूप में किया जा रहा था। उल्लेखनीय है कि अफजल गुरु को 2001 के संसद हमले के मामले में दोषी ठहराया गया था और फरवरी 2013 में फांसी दी गयी थी।

बारामूला के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को जिले में अवैध कब्जे के तहत मौजूद करोड़ों रुपये मूल्य की कई कनाल प्रमुख सरकारी जमीन को मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि पूरे जिले में अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी रहेगा और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जुहैब यूसुफ मीर ने इस तोड़फोड़ की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशासन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह कार्रवाई कश्मीर में एक नया 'आख्यान' गढ़ने के प्रयास का हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित