बारामती , फरवरी 26 -- महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार से जुड़े विमान हादसे के मामले में निजी विमानन कंपनी वीएसआर एविएशन और डीजीसीए के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग को लेकर बारामती के स्थानीय निवासियों ने गुरुवार को यहां प्रदर्शन किया तथा वीएसआर एविएशन और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
विधायक श्री रोहित पवार ने श्री युगेंद्र पवार और श्री राजेंद्र पवार के साथ बारामती पुलिस स्टेशन में धरना दिया और अधिकारियों पर कंपनी तथा डीजीसीए के खिलाफ मामला दर्ज करने का दबाव बनाया।
एक दिन पहले श्री रोहित पवार ने मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस थाने में शिकायत देकर वीएसआर एविएशन और डीजीसीए के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की थी। उन्होंने कथित निष्क्रियता और लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस अधिकारियों ने हालांकि प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार करते हुए कहा कि शिकायत स्वीकार कर ली गई है और समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। बताया जा रहा है कि शिकायत को राज्य की आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को भेज दिया गया है, जो विमान दुर्घटना की जांच कर रहा है।
प्राथमिकी दर्ज न होने पर श्री रोहित पवार और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। श्री पवार ने आरोप लगाया कि पुलिस पर बाहरी दबाव है और फोन कॉल के बाद कार्रवाई टाली जा रही है। उन्होंने अपराध दर्ज करने में हो रही देरी पर सवाल उठाए और चेतावनी दी थी कि मुंबई में कार्रवाई न होने पर वह बारामती में आंदोलन तेज करेंगे।
धरने के दौरान श्री राजेंद्र पवार ने कहा कि वे बारामती के आम नागरिकों और दिवंगत अजित पवार के समर्थकों की भावनाओं को व्यक्त करने के लिए एकत्र हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों को न्याय से वंचित किया जा रहा है और सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाए।
इसी मुद्दे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने पुणे में भी प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर वीएसआर एविएशन और डीजीसीए के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित