मुंबई , मई 04 -- महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने सोमवार को कहा कि बारामती की जनता का दिखाया गया विश्वास, प्रेम और समर्थन उनके लिए अत्यंत मूल्यवान है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में, बारामती के लोगों को उनके जबरदस्त समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। विधानसभा उपचुनाव में भारी बहुमत से निर्वाचित होने पर उन्होंने जनता के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा "आदरणीय अजित दादा के निधन के बाद बारामती में यह पहला चुनाव था और उनकी कमी तथा मार्गदर्शन की कमी गहराई से महसूस की जा रही है। यह जीत मेरे लिए केवल एक राजनीतिक सफलता नहीं है, बल्कि उनके कार्यों और स्मृतियों को सच्ची श्रद्धांजलि है।"श्रीमती पवार ने कहा कि महाराष्ट्र और बारामती के लिए अजित दादा का योगदान, लोगों के साथ उनका गहरा जुड़ाव और विकास के प्रति उनका दृष्टिकोण आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। उन्होंने कहा ' उनके विचार और मूल्य मुझे आगे बढ़ने की शक्ति देते हैं। मैं पूरी तरह जागरूक हूं कि यह जीत अपने साथ उनके सपनों और कार्यों को आगे ले जाने की जिम्मेदारी भी लेकर आयी है।"श्रीमती पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत उनके अथक प्रयासों से ही संभव हो पायी है। उन्होंने महायुति और महाविकास अघाड़ी के सभी सहयोगी दलों, समर्थक दलों के साथ-साथ विभिन्न संगठनों और संस्थानों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने शिव, शाहू, फुले और आंबेडकर की वैचारिक विरासत का पालन करने और यशवंतराव चह्वाण तथा अजित दादा के दिखाये मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता दोहरायी। उन्होंने युवाओं, किसानों, महिलाओं, उद्यमियों और समाज के सभी वर्गों को केंद्र में रखकर बारामती के विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित