सोनभद्र , अक्टूबर 29 -- सोनभद्र जिले में चोपन थाना पुलिस ने बड़े पैमाने पर हो रही हेरोइन तस्करी में वित्तीय सहायता की व्यवस्था कराने के मामले में बाराबंकी जिले से एक वांछित अभियुक्त मोहम्मद वकील को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया कि 17 अगस्त को वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर पांच हेरोइन तस्करों की गिरफ्तार किया गया था और उनके पास से भारी मात्रा में एक किलो 204 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई थी। पुलिस टीम ने इस मामले की अभियोग पंजीकृत कर विस्तृत विवेचना किया। विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि अभियुक्तगण का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जिसके माध्यम से लखनऊ, बाराबंकी आदि स्थानों से थोक मात्रा में हेरोइन लाकर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में फुटकर बिक्री कराई जाती है।

इस नेटवर्क के माध्यम से विशेषकर युवाओं तक मादक पदार्थ पहुंचाए जाने से उनके स्वास्थ्य एवं पारिवारिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विवेचना में बाराबंकी निवासी मोहम्मद वकील पुत्र मोहम्मद शकील की भूमिका नेटवर्क को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा अवैध हेरोइन की आपूर्ति में सहयोग करने वाले व्यक्ति के रूप में प्रकाश में आई। इसके बाद अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर बाराबंकी भेजा गया।

पुलिस ने बुधवार शाम ग्राम टिकरा मुर्तजा, थाना जैदपुर, बाराबंकी से वांछित अभियुक्त मोहम्मद वकील (36) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बाराबंकी व लखनऊ में एक एक आपराधिक मामले दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित