बाराबंकी , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में गुरुवार दोपहर लापता हुयी किशोरी का शव देर शाम गांव के बाहर खेत में मिलने से सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में किशोरी दोपहर से लापता थी। परिजनों ने बताया कि वह गांव के अन्य बच्चों के साथ मेंथा की रोपाई कर रही थी। काम खत्म होने के बाद उसके साथी अपने-अपने घर चले गए, लेकिन वह घर नहीं पहुंची।

काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के बाहर गेहूं के खेत में किशोरी का शव पड़ा मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित