बाराबंकी , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी के निंदूरा क्षेत्र में सोमवार को खेत में काम करते समय रोटावेटर की चपेट में आने से एक युवक की गर्दन धड़ से अलग हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम पंचायत हसुवापारा निवासी प्रेम प्रकाश उर्फ पिंटू गौतम (30) पुत्र रामेश्वर गौतम ट्रैक्टर चला रहे थे। अचानक वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गए इसी दौरान वह रोटावेटर की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।

प्रेम प्रकाश उर्फ पिंटू गौतम की शादी करीब पांच साल पहले गीता देवी से हुई थी। परिवार में चार वर्षीय बेटी और एक वर्षीय बेटा है। पति की अचानक मौत से पत्नी गीता देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित