बाराबंकी , मई 25 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक और युवती के शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटके मिले।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सतरिख थाना क्षेत्र के गेहंदवर गांव में ग्रामीण सुबह खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने पेड़ से युवक और युवती के शव लटके देखे। मृतक की पहचान 25 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित