बाराबंकी , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार को एक युवक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। युवक का शव उसके घर से करीब 800 मीटर दूर सड़क किनारे खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की बहन की 12 मार्च को शादी होने वाली थी, जिससे घर में चल रही खुशियां मातम में बदल गईं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कुर्सी थाना क्षेत्र के दुरिन पुरवा गांव निवासी मिथुन रावत (22) का शव शनिवार सुबह सड़क किनारे खेत में पड़ा मिला। शव देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने युवक के गले पर धारदार हथियार से कई वार किए थे।

परिजनों के अनुसार मिथुन शुक्रवार को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह खेत में उसका शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। घर में उसकी बहन की 12 मार्च को शादी तय थी और तैयारियां चल रही थीं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगत कनौजिया ने बताया कि युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई है। पुलिस मामले के हर पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित