बाराबंकी , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सफदरगंज थाना क्षेत्र के रामपुर कटरा निवासी मोहम्मद आसिफ का शव चौखंडी गांव के पास ईदगाह के पीछे कल्याणी नदी किनारे बरामद हुआ। घटनास्थल पर खून के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि आसिफ शुक्रवार शाम घर से मेला देखने निकला था। रात करीब 10 बजे तक उसे मोहल्ले में देखा गया, जिसके बाद वह लापता हो गया। रातभर तलाश के बाद शनिवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिली।

मृतक के पिता मोहम्मद वैस फेरी लगाकर कपड़े बेचते हैं। परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनमें आसिफ सबसे छोटा था। वह हैदराबाद में वेल्डिंग का काम करता था। परिवार का आरोप है कि शुक्रवार शाम गांव के ही एक व्यक्ति से आसिफ का विवाद हुआ था, जिसे वे घटना का संभावित कारण मान रहे हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित