बाराबंकी , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र के केवलापुर गांव में गुरुवार सुबह एक बुजुर्ग महिला का शव घर के किचन में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने बताया कि गांव निवासी कंधाईलाल की पत्नी शिवप्यारी (62) किचन में सोती थीं। सुबह जब वह उठे तो किचन का दरवाजा बंद मिला। कुछ देर बाद आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो अंदर जाकर देखा तो शिवप्यारी का शव जमीन पर पड़ा था। परिजनों के मुताबिक, शिवप्यारी बुधवार शाम गेहूं काटकर घर लौटी थीं। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे वह मृत अवस्था में पाई गईं। उनके मुंह और नाक से खून निकल रहा था।

घटना के बाद मृतका का इकलौता बेटा संजय घर से लापता बताया जा रहा है, जिससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित