बाराबंकी , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के कुर्सी क्षेत्र में रविवार देर शाम निर्माणाधीन फैक्ट्री परिसर में खोदे गए गड्ढे में भरे पानी में नहाते वक्त दो किशोरों की डूबकर मौत हो गई, जबकि तीसरा किशोर पानी में लापता है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बैना टीकाहार गांव में गांव के बाहर फैक्ट्री की दीवार का निर्माण चल रहा है। परिसर में करीब 100 मीटर व्यास का गड्ढा खोदा गया था, जिसमें बारिश का पानी भर गया था। रविवार को गांव निवासी रामशंकर का पुत्र सुमित (15), गुड्डू का पुत्र दुर्गेश (15) और धर्मराज का पुत्र दिव्यांश (12) गड्ढे में भरे पानी में नहाने लगे। कुछ अन्य बच्चे भी पास में खड़े थे।नहाते समय अचानक तीनों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों ने शोर मचाया तो फैक्टरी में काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और सुमित और दुर्गेश को निकाला मगर दोनों की मौत हो चुकी थी। क्षेत्राधिकार जगत कनौजिया ने बताया कि तीसरे बच्चे की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित