बाराबंकी , अक्टूबर 10 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिला में गाना बजाने और महिला पर छींटाकशी को लेकर हुए दो समूहों में मारपीट में एक महिला की मौत हो गयी, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना टिकैतनगर क्षेत्र के विद्यानगर गांव में धर्मेंद्र और विनीता की परचून की दुकानें आमने-सामने हैं। दोनों पक्षों की ओर से शनिवार शाम गाना बजाया जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।

विनीता के भतीजे संजय ने बताया कि करीब तीन महीने पहले भी आरोपियों ने उनके परिवार की एक महिला पर छींटाकशी की थी। उस समय थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। आरोप है कि शनिवार देर शाम उसकी पत्नी नल से पानी लेने गई थी, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने फिर अभद्रता की। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। इस दौरान एक लाठी संजय की चाची विमला के सिर में लग गयी। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर मौत हो गयी।

मारपीट में संजय, सुखदेई, राकेश, नितिन, अमित, ननकू और कुसुम समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष की भी एक महिला भी घायल हो गई है। उसे सीएचसी टिकैतनगर ले जाया गया।

पुलिस ने विमला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकार रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गाना बजाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की बात सामने आई है। मारपीट में एक पक्ष के कई लोग घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष के भी दो-तीन लोगों को चोटें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित