बाराबंकी , अक्टूबर 03 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के सुबेहा क्षेत्र में शनिवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी डबल डेकर बस में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस के दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार यात्री घायल हुए। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 52.7 पर शनिवार सुबह करीब पांच बजे दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर बस में करीब 80 यात्री सवार थे। बताया जाता है कि बस सड़क किनारे खड़ी थी और दोनों चालक पीछे के टायर की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक अक्षय कुमार यादव (25) निवासी जठीय, मधुबनी, बिहार और दूसरे चालक बीरचंद्र राय (45) निवासी करहरिया बुजुर्ग, गुरौल, बिहार की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में राहुल मंडल (24) निवासी डेडवा, अररिया, बिहार, अजय कुमार बिंद (24) निवासी परसौनी, गोपालगंज, बिहार और मदन कुमार (40) निवासी छत्तापुर, सुपौल, बिहार गंभीर रूप से घायल हुए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार से तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं डब्लू (30) निवासी परसौली, गोपालगंज, बिहार को भी चोट आई थी। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित