बाराबंकी , जून 28 -- बाराबंकी जिले में झोलाछाप के इलाज से मासूम बच्चे की मौत हो गई, वहीं उसके तीन अन्य भाई-बहनों की हालत गंभीर होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के लोहिया मोहल्ला निवासी कल्लू हाशमी की पत्नी अमरजहां अपने डेढ़ वर्षीय जुड़वा बच्चों हसनैन व मारिया तथा तमन्ना (8) और साजिद (4) को इलाज के लिए ठाकुरद्वारा स्थित एक मकान में चल रहे अस्पताल लेकर गई थीं। वहां डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाते ही चारों बच्चों की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल सीएचसी भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने हसनैन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी बहन मारिया को तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो अन्य भाई-बहनों को हालत बिगड़ने पर दूसरी एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।

मासूम की मौत के बाद परिवार शव लेकर दोबारा झोलाछाप के यहां पहुंच गया। शोर-शराबे के बीच मौके पर भारी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ को देख दहशत में आए डॉक्टर ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉक्टर को हिरासत में लेकर लोगों को शांत कराया। पकड़े गए डॉक्टर का नाम बृजमोहन बताया जा रहा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित