बाराबंकी , मार्च 1 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आज दोपहर एक बोलेरो जीप का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना थाना लोनी कटरा क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुई। बोलेरो जीप में सवार लोग अयोध्या से लखनऊ के मोहनलालगंज में आयोजित राधा स्वामी सत्संग कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अयोध्या लौट रहे थे। इसी दौरान जीप का पिछला टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे में बाबूराम (65), इंद्रावती (60) और शांति (62) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। सभी मृतक अयोध्या जनपद के निवासी बताए गए हैं। अन्य घायलों को स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में पांच लोगों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित