बाराबंकी , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज एक उपभोक्ता ने गैस एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए डिलीवरी वाहन के आगे लेटकर विरोध प्रदर्शन किया और आत्महत्या की धमकी दी।

दरियाबाद क्षेत्र के कुशफर गांव निवासी अशोक कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने 15 मार्च को गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी और तब से वह रोज कतार में लग रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक गैस नहीं मिली। उन्होंने बताया कि उनके पास बुकिंग नंबर भी मौजूद है। स्थानीय लोगों ने भी आरोप लगाया कि एजेंसी के कर्मचारी अधिक पैसे लेकर गैस सिलेंडर ब्लैक में बेच रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसी से आक्रोशित होकर उपभोक्ता डिलीवरी वाहन के आगे लेट गया और कहा कि "जब गैस नहीं, तो हम भी नहीं।" मौके पर मौजूद लोगों ने समझा-बुझाकर उसे शांत कराया। घटना के बाद मामले की मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित