बाराबंकी , मार्च 8 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में होली के दौरान हुए विवाद ने रविवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें ब्लॉक प्रमुख की जेठानी के भाई की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार भोला का पुरवा गांव में होली खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए रामदेव (55) की इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के मोहन और रामू के बीच होली खेलने के दौरान विवाद हुआ था, जिस पर मोहन ने पुलिस से शिकायत भी की थी। बताया जाता है कि रविवार सुबह पुलिस गांव पहुंची, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई किए बिना लौट गई। पुलिस के लौटने के बाद मामला और भड़क गया। आरोप है कि वादी पक्ष के मोहन, दीपू, जीवन, मायाराम, मनोज, अंकुल और अमर सिंह ने मिलकर रामू के घर पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
इस दौरान रामू के चाचा रामदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित