बाराबंकी , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर थाना परिसर से लगभग 100 मीटर दूरी पर एक 17 वर्षीय किशोरी जिंदा जलती हुई मिली। लोगों ने चीखने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना मोहम्मदपुर खाला गांव की है। गांव निवासी मैकू की पुत्री प्रीति (17) दोपहर में घर से शौच के लिए निकली थी। कुछ देर बाद थाने के पीछे स्थित ईंट-भट्ठे के पास उसे आग की लपटों में घिरा देखा गया। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाई और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। किशोरी ने मोहम्मदपुर खाला चौराहे स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत रहे युवक का नाम लिया है। बताया गया है कि संबंधित युवक फिलहाल पेट्रोल पंप की नौकरी छोड़ चुका है। घटनास्थल से पुलिस को पेट्रोल से भरा एक डिब्बा और पानी की बोतल भी बरामद हुई है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित