बाराबंकी , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सुबेहा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव के पास स्थित एक ईंट भट्ठे पर आपसी विवाद के दौरान साले ने डंडे से पीटकर अपने बहनोई की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार बिहार प्रांत के किशनगंज जिले के निवासी सूरज कुमार (35) और उनके साले मंगल, जो रायबरेली के गुरुबख्शगंज क्षेत्र का रहने वाला है, मोहम्मदपुर गांव के पास स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। गुरुवार शाम शराब पीने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान मंगल ने सूरज कुमार पर डंडे से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से सूरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद मजदूरों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और एक कमरे में बंद कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मजदूरों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित