बाराबंकी , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सतरिख थाना क्षेत्र के मजीठा गांव स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर दानपात्र से करीब पांच लाख रुपये की नकदी तथा भगवान की मूर्तियों पर चढ़े लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह मंगला आरती के लिए मंदिर पहुंचे पुजारी चंदन मिश्रा ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल मंदिर प्रबंधन समिति और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस, क्षेत्राधिकारी सदर तथा सतरिख थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर मंदिर का मुख्य द्वार तोड़कर भीतर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी करीब पांच लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। साथ ही राधा-कृष्ण, लड्डू गोपाल एवं अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों पर चढ़े सोने-चांदी के रत्नजड़ित आभूषण भी अपने साथ ले गए। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित