नयी दिल्ली , सितंबर 19 -- दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि लंबे समय से लंबित बारापुला फेज-3 कॉरिडोर का 29 सितंबर को उद्घाटन किया जायेगा।

श्री सिंह ने शनिवार को परियोजना स्थल का दौरा कर अंतिम तैयारियों की समीक्षा की और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। बारापुला फेज-3 पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 को सराय काले खां से जोड़ते हुए एम्स और दक्षिण दिल्ली की ओर सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा। यह सराय काले खां में पहले से मौजूद बारापुला कॉरिडोर से जुड़ेगा, जिससे पूरा कॉरिडोर लगभग नौ किलोमीटर लंबा हो जायेगा। परियोजना के तहत एलिवेटेड कॉरिडोर के दोनों रैंप और यमुना नदी पर एक्स्ट्रा-डोज्ड ब्रिज का निर्माण पूरा हो चुका है।

इस परियोजना को वर्ष 2014 में मंजूरी मिली थी और निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ था। इसे मूल रूप से 2017 तक पूरा किया जाना था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसमें देरी हुई और परियोजना की लागत भी बढ़ी। परियोजना की संशोधित लागत करीब 1,635 करोड़ रुपये है।

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार ने परियोजना की लगातार समीक्षा की और आवश्यक अनुमतियों तथा मंजूरियों को पूरा कराने के बाद अब इसे जनता के लिए खोलने की तैयारी पूरी कर ली गयी है।

परियोजना में वाहनों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी के अलावा समर्पित साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के अनुकूल सुविधाएं भी शामिल हैं। सरकार के अनुसार इसके पूरा होने से मयूर विहार और सराय काले खां के बीच लंबे समय से लंबित सड़क संपर्क स्थापित होगा तथा पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच आवागमन को सुविधा मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित