भरतपुर , अप्रैल 27 -- राजस्थान में भरतपुर जिले के नगला खेरिया गांव (बागरैन) में एक बारात चढ़ाई के दौरान अश्लील हरकत और लड़कियों के फोटो खींचने के विवाद में हुए लाठी भाटा जंग में सोमवार को वधु पक्ष की एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीनों घायलों को बयाना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक ही बिरादरी के दो पक्षों में हुए इस विवाद के बाद गांव में तनाव को देखते पुलिस तैनात की गई है। गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के ही राजेश जाटव और अतरसिंह जाटव के पक्षों के बीच फोटो खींचने की बात पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते लाठी-डंडे और पथराव में बदल गई। इस हिंसक झड़प में लड़की पक्ष की एक महिला उगन्ति जाटव सहित दीपक और रोहित नामक दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना पर पुलिस नगला खेरिया गांव पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ करके मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित