भरतपुर , फरवरी 21 -- राजस्थान में धौलपुर के कौलारी थाना क्षेत्र में एक गांव में शुक्रवार रात बारात की निकासी देख रही सात वर्ष की एक मासूम बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात के बाद पीड़ित बालिका को गम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गयी है।
गांव में दो बारातें आयी थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बालिका को सुपारी दिलाने का लालच देकर एक खंडहरनुमा मकान में ले गया। वहां आरोपी ने बालिका से दुष्कर्म किया। बताया गया कि एक महिला ने छत से आरोपी को बालिका के साथ जाते हुए देख एक बुजुर्ग को इसकी जानकारी दी। बुजुर्ग ने जब खंडहरनुमा मकान में जाकर देखा, तो आरोपी वहां से भाग गया।
पुलिस ने अस्पताल में भर्ती बालिका का मेडिकल बोर्ड द्वारा परीक्षण कराया है। अस्पताल में चिकित्सक बालिका की देखभाल कर रहे हैं। पुलिस को आरोपी के बाराती होने की आशंका है, लेकिन उसकी अभी पहचान नहीं हो पायी है। पुलिस ने बारात की वीडियोग्राफी करने वाले युवक को बुलाया है। बारात की चढ़ाई और घटना के आसपास के वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित