बारां , मई 20 -- राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार बुधवार को जयपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में बारां जिले से कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जयपुर पहुंचेंगे।
जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने आज बताया कि देश की महत्वपूर्ण परीक्षा नीट-2026 के पेपर लीक होने से देशभर के 22 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हुआ है। कांग्रेसजन केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने और दोषी अधिकारियों एवं आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव करेंगे।
उन्होंने बताया कि बारां जिले के कांग्रेसजन गुरुवार को पूर्वाह्न 10 बजे जयपुर स्थित इंदिरा गांधी भवन, स्टेशन रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे, जहां से विशाल जुलूस के रूप में भाजपा प्रदेश मुख्यालय की ओर प्रस्थान किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित