बारां , जुलाई 05 -- राजस्थान में बारां जिले में रविवार को दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को तरबतर कर दिया।

बारिश से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली। मौसम सुहावना होने पर लोग घरों से बाहर निकले और बच्चों ने बारिश का आनंद लिया। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह वर्षा किसी राहत से कम नहीं रही। बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आने लगी है, जिससे खरीफ की प्रमुख फसलें सोयाबीन, मक्का, उड़द, मूंग और धान की बुवाई और अंकुरण को गति मिलेगी। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार समय पर हुई यह बारिश फसलों की बढ़वार के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।

बारिश के कारण शहर की सड़कों पर कुछ देर के लिए पानी भर गया, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी। शाम तक मौसम पूरी तरह खुशनुमा बना रहा और ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने राहत महसूस की।

किसानों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह नियमित बारिश होती रही तो इस बार खरीफ सीजन में अच्छी पैदावार की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं तेज वर्षा की संभावना जताई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित