बारां , अप्रैल 27 -- राजस्थान में झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह ने रविवार रात बारां में 20481/ 82 हमसफ़र एक्सप्रेस के प्रथम ठहराव को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित की।
इस अवसर पर विधायक राधेश्याम बैरवा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार एवं क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य धीरज गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रविवार रात करीब 10.10 बजे तिरुचिरापल्ली से चलकर जोधपुर की ओर जाने वाली 20482 हमसफर एक्सप्रेस जैसी ही पहली बार बारां स्टेशन पर पहुँची। श्री सिंह के साथ उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हर्षनाद करते हुए इस ठहराव का स्वागत किया।
श्री सिंह, विधायक राधेश्याम बैरवा एवं जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार ने चालक दल का माला, साफा और मिठाई के साथ स्वागत किया। इसके साथ ही हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर डीआरएम अनिल कालरा एवं वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित