बारां , अक्टूबर 19 -- राजस्थान में 'हम भारत के लोग' की भावना को लेकर निकली 'लोकमंथन यात्रा' मंगलवार को बारां पहुंचेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान शहर में विभिन्न आयोजनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राजस्थान की लोक परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के विविध रंग देखने को मिलेंगे। यात्रा के स्वागत और आयोजन की तैयारियों को सोमवार को अंतिम रूप दिया गया।
यात्रा के तहत दिनभर संगोष्ठियों, लोककला एवं लोकसंगीत की प्रस्तुतियों, पारंपरिक खेलों, प्रदर्शनियों और रंगमंचीय कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इनमें विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षिक संगठनों की सहभागिता रहेगी।
तैयारियों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, संस्कृत भारती, लघु उद्योग भारती, इतिहास संकलन समिति, क्रीड़ा भारती, संस्कार भारती, विद्या भारती, साहित्य परिषद और शिक्षक संगठनों सहित अन्य संस्थाएं जुटी हैं।
आयोजन सूत्रों ने सोमवार को बताया कि लोकमंथन यात्रा का उद्देश्य भारतीय लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।
मंगलवार को दोपहर ढाई बजे कोटा रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में लोकमंथन यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से शिक्षक संगोष्ठी आयोजित होगी, जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
अधिवक्ता परिषद की ओर से अपराह्न साढ़े चार बजे धर्मादा धर्मशाला में संविधान संगोष्ठी का आयोजन होगा। शाम पांच बजे प्रीत गार्डन में साहित्य परिषद, संस्कार भारती और विद्या भारती के संयुक्त तत्वावधान में लोककलाओं का प्रदर्शन एवं रंगमंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें राजस्थान की लोक संस्कृति और लोकसंगीत पर आधारित प्रस्तुतियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित