बारां , जून 03 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत बारां जिले में बुधवार को मीडिया राउंड टेबल कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देशन में कार्यशाला की शुरुआत कोटा रोड स्थित निजी रेस्टोरेंट में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दीप प्रज्वलन सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक योगेन्द्र शर्मा एवं वरिष्ठ पत्रकार दिलीप शाह, घनश्याम दाधीच द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
श्री शर्मा ने अभियान की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं जिले में चल रही गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान जन-भागीदारी से जल के सतत संरक्षण की दिशा में राज्य सरकार का ठोस प्रयास है। जल ग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज पूरबगोला ने बताया कि जिले में अमृत सरोवर, एनीकट, तलाई, मॉडल तालाब, मेड निर्माण और चारागाह भूमि पर पौधारोपण जैसे कार्य प्रतिबद्धता से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान में 'जन' शब्द महत्वपूर्ण है - जल संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला परिषद के एसीईओ ने ग्राम पंचायत स्तर पर संरचनात्मक विकास एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यशाला में पत्रकारों, अधिकारियों ने योजनाओं, चुनौतियों एवं अनुभव साझा किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित