बारां , मई 14 -- राजस्थान में बारां जिले में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और गुरुवार को यहांअधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित रहा।

सुबह से ही तेज धूप और दोपहर में चल रही गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सड़कों पर दोपहर में आवाजाही कम नजर आई और बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा।

गर्मी का असर रात के समय भी बना हुआ है। बुधवार देर रात तक गर्म हवाएं चलने और उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही। घरों में कूलर और पंखे भी गर्म हवा फेंकते नजर आए। बिजली की बढ़ती खपत के चलते कई क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या भी सामने आई।

मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों के लिए बारां जिले में लू चलने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों ने मध्याह्न 12 बजे से अपराह्न चार बजे तक जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। चिकित्सकों ने लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप से बचाव रखने की सलाह दी है। वहीं छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित