बारां , मई 14 -- राजस्थान में बारां शहर में पिछले कई महीनों से लाल मुंह के बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
बंदरों के हमलों से अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर परिषद की ओर से स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में रोष व्याप्त है।
ताजा मामला बुधवार शाम का है, जब चौमुखा बाजार स्थित माला देवी मोहल्ले में कांग्रेस संगठन महामंत्री कैलाश जैन के पुश्तैनी मकान की छत पर उनकी 92 वर्षीय माताश्री कंचन बाई भोजन के बाद टहल रही थीं। इसी दौरान अचानक एक लाल मुंह के बंदर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद परिजनों ने उनका उपचार कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने शहर और विशेष रूप से चौमुखा बाजार क्षेत्र में लाल मुंह के बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। बंदर आए दिन घरों की छतों और गलियों में घूमते रहते हैं। कई बार महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर हमला कर चुके हैं। इससे क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।
लोगों ने बताया कि पूर्व में नगर परिषद द्वारा बंदरों को पकड़ने के लिए मथुरा से एक दल बुलाया गया था, लेकिन कुछ दिनों की कार्रवाई के बाद अभियान बंद कर दिया गया। इसके बाद से समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए ताकि शहरवासियों को इस परेशानी से राहत मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित