बारां , जुलाई 10 -- राजस्थान में बारां के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने बहुचर्चित मनीष गौतम उर्फ बिट्टू शर्मा हत्याकांड में फरार दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने शुक्रवार को बताया कि 17 अप्रैल की रात मनीष गौतम उर्फ बिट्टू शर्मा पर कुछ लोगों ने घेरकर हमला कर दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के पीछे पुरानी रंजिश और संपत्ति विवाद को कारण बताया गया था।

उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच के दौरान पूर्व में राहुल उर्फ राकेश कुमार, मुकेश यादव, कमल गहलोत को गिरफ्तार किया गया जबकि तीन बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया। इस मामले के अन्य आरोपी राजेंद्र गहलोत और तेजकरण उर्फ अनिल यादव फरार हो गये थे। विशेष पुलिस दल ने आज भुलभुलैया चौराहे से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। दोनों आरोपी जिला स्तर के शीर्ष-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल थे। उन पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित