बारां , जुलाई 01 -- राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच बारां शहर समेत जिले में इन दिनों अघोषित बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हालात, ऐसे हैं कि दिन हो या रात, कभी भी बिजली चली जाती है और कई बार लंबे समय तक लौटकर नहीं आती। इससे लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। बिजली संकट का सबसे अधिक असर छोटे बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों, विद्यार्थियों और व्यापारियों पर पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में पंखे और कूलर बंद होने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, वहीं छोटे उद्योग-धंधों और व्यवसायों का कामकाज भी बाधित हो रहा है।

लोगों का कहना है कि हर बार तकनीकी खराबी और रखरखाव का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता। अब जरूरत अस्थायी मरम्मत नहीं, बल्कि पूरे बिजली तंत्र को मजबूत करने की है।

यह पहला अवसर नहीं है, जब बारां की बिजली व्यवस्था चर्चा में आयी हो। इससे पहले भी लगातार बिजली कटौती को लेकर जिले में भारी जनाक्रोश देखने को मिला था। नाराज लोगों ने विधायक राधेश्याम बैरवा का घेराव तक किया था। इसके बाद विधायक ने बारां से लेकर जयपुर तक अधिकारियों के समक्ष मुद्दा प्रमुखता से उठाया। एक समीक्षा बैठक में उन्होंने बिजली व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अपनी डायरी टेबल पर पटक दी थी और अधिकारियों को स्थायी समाधान करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद जयपुर से तकनीकी टीम बारां पहुंची, व्यवस्थाओं की समीक्षा हुई और कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति में सुधार भी देखने को मिला, लेकिन अब हालात फिर पुराने दौर में लौटते नजर आ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित