बारां , मई 30 -- राजस्थान में बारां में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में फीस वसूली को लेकर शुरू हुआ विवाद अब छात्र-प्राचार्य टकराव का रूप में ले चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराए जाने के बाद विवाद और गहरा गया है। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन करते हुए प्राचार्य को हटाने की मांग उठाई है।
गौरतलब है कि हाल ही में फीस संबंधी समस्याओं और विद्यार्थियों के हितों से संबंधित विभिन्न मुद्दों को लेकर छात्र प्रतिनिधिमंडल प्राचार्य डॉ. मुनेशचंद्र शर्मा से मिलने पहुंचा था। इस दौरान हुई बातचीत के बीच विवाद की स्थिति बन गई। छात्र नेताओं का आरोप है कि प्राचार्य ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, धक्का-मुक्की की और जातिसूचक टिप्पणी की। इस संबंध में विद्यार्थी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्राचार्य डॉ. मुनेशचंद्र शर्मा ने भी छात्रों पर कार्यालय में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने, कार्य में बाधा पहुंचाने और अभद्रता करने के आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। प्राचार्य का कहना है कि छात्रों द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं और उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन करके प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी की और उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि छात्रों के साथ दुर्व्यवहार और जातिसूचक टिप्पणी के आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित