बारां , अप्रैल 16 -- राजस्थान में बारां जिले के किशनगंज थाना क्षेत्र में प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए एक नाबालिग लड़का-लड़की का विवाह रुकवा दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि तेजाजी का डांडा के पास नाबालिग किशोर और किशोरी का विवाह कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार किशनगंज हुकमचंद मीणा तथा थाना अधिकारी किशनगंज रमेशचंद्र मेहरोत्रा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां नाबालिग लड़का-लड़की का विवाह किया जा रहा था, जिसे बीच में ही रुकवा दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद परिजनों को समझाया और बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया कि बालिग होने तक विवाह नहीं किया जाएगा। दोनों पक्षों ने यह स्वीकार करते हुए विवाह को निरस्त कर दिया और भविष्य में बालिग होने के बाद ही विवाह करने की सहमति दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित