बारां , सितम्बर 29 -- राजस्थान के बारां जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित नौ करोड़ 94 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई के तहत फ्रीज कराया है।
इस कार्रवाई में आलीशान मकान, कारें, मोटर साइकिल, ट्रैक्टर सहित कृषि उपकरण और बैंक खातों में जमा राशि शामिल है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने मंगलवार को बताया कि छीपाबड़ौद थाना क्षेत्र में तुमड़ा निवासी मुरली मनोहर मीणा, हरनावदा शाहजी थाना क्षेत्र में मोतीपुरा निवासी घासीलाल मीणा एवं उसके परिजनों द्वारा मादक पदार्थ की तस्करी से अर्जित संपत्ति को चिन्हित किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपियों की वैध आय का स्रोत नगण्य था, जबकि उनके नाम और परिजनों के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्तियां अर्जित की गई थीं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की करीब चार करोड़ चार लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति चिन्हित की। इसके अलावा पिछले वर्षों में बैंक खातों में जमा करीब पांच करोड़ 90 लाख रुपये की राशि भी कार्रवाई के दायरे में ली गई। इस प्रकार कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 9.94 करोड़ रुपये है। जिन्हें फ्रीज करवाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित