बारां , जुलाई 15 -- राजस्थान में बारां पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुंदलक एवं कोटड़ी सुंडा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान पंचायत समिति प्रधान मोरपाल सुमन ने करीब एक करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देहात अध्यक्ष अमरदीप सिंह केदाहेड़ी, कोयला मंडल अध्यक्ष देवेंद्र पारेता, भाजपा कार्यालय मंत्री धीरेंद्र नागर, देहात महामंत्री रविंद्र डागर एवं सत्यनारायण शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रधान मोरपाल सुमन ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर में पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का त्वरित निस्तारण किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित