बारां , अप्रैल 16 -- राजस्थान में बारां जिले में अवैध खनन करके सामग्री ले जा रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हो गयी।
सूत्रों ने बताया कि बरडिया बस्ती बालाजी धाम के पास स्कूल से अपनी मां के साथ घर लौटते समय पांच वर्षीय योगिता यादव और सात वर्षीय गतिक यादव स्कूटी फिसलने से वहां से निकल रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। इससे दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त हो गया। सर्व समाज तथा यादव समाज के लोगों ने एकजुट होकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों ने न्याय की मांग को लेकर शाहबाद रोड स्थित आनंद सीमेंट उद्योग के पास पुलिया (मंडोला वार्ड) पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, दोषी चालक एवं खनन माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन जारी है, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। बावजूद इसके अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से ऐसे हादसे हो रहे हैं। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और लोगों को शांत कराने के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित