बारां , अक्टूबर 31 -- राजस्थान में पंचायती राज के चौथे चरण में होने वाले चुनाव के लिए शनिवार को बारां जिले की चार पंचायत समितियों में चुनाव के लिए लोक सूचना जारी की गई।
पहले दिन पंचायत समिति सदस्य के लिए तीन अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र प्राप्त हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा ने शनिवार को बताया कि चतुर्थ चरण में बारां, छबड़ा, छीपाबड़ौद एवं अटरू पंचायत समिति सदस्य सहित पंच-सरपंच एवं उपसरपंच के चुनाव होंगे। इसके लिए आज लोक सूचना जारी कर दी गई है। चुनाव में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए चार नवंबर को अपराह्न तीन बजे तक सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम समय सीमा रहेगी।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन पत्र लिए जाएंगे। जिनकी पांच नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से संवीक्षा की जाएगी। नाम वापसी छह नवंबर को अपराह्न तीन बजे तक हो सकेगी। इसके पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
दूसरी ओर पंच-सरपंच पद के लिए 15 नवंबर को प्रातः 8 से पूर्वाह्न 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। जिनकी 11.30 बजे से संवीक्षा होगी। दोपहर दो बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित