बारां , जुलाई 15 -- राजस्थान के बारां में भगवान जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा को लेकर बारां नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
रथयात्रा महोत्सव समिति के अध्यक्ष नृसिंहलाल नागर ने बुधवार को बताया कि आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के अवसर पर जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित 24वी रथ यात्रा गुरुवार, 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर शहरभर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और धर्मप्रेमी नागरिकों में विशेष उत्साह नजर आ रहा है।
रथ यात्रा का शुभारंभ अपराह्न च़ार बजे प्यारेराम मंदिर से संत-महात्माओं के पावन सानिध्य में होगा। इस अवसर पर परमहंस बगीची के महामण्डलेश्वर रामनरेशदास महाराज, लटूरी गौशाला आश्रम के रामदास महाराज, प्रेमधाम पार्वती पुलिया के मधुसूदनदास महाराज, शाहबाद के फरसा वाले बाबा और आचार्य परमानन्द विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
यात्रा में भगवान जगन्नाथ के सुसज्जित रथ के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजन-कीर्तन, जयघोष और धार्मिक ध्वजों के साथ शामिल होंगे। नगर के प्रमुख मार्गों पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारियां भी की जा रही हैं। जगह-जगह पुष्पवर्षा, जलपान और प्रसाद वितरण की व्यवस्थाएं की गयी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित