बारां , जून 17 -- राजस्थान में बारां के जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देश पर बुधवार को पूरे जिले में कृषि विभाग ने खाद-बीज दुकानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया।

आधिकारिक सूतों के मुताबिक रबी सीजन को देखते हुए किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए उपखण्ड अधिकारियों के निर्देशन में अंता, मांगरोल, बारां, शाहबाद, अटरू और किशनगंज में औचक जांच की गयी।

निरीक्षण दलों ने जांच के दौरान दुकानों पर उर्वरक लाइसेंस और गोदाम अनुज्ञा पत्र की वैधता देखी। स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक का संधारण परखा। पीओएस मशीन में दर्ज उर्वरक स्टॉक का भौतिक स्टॉक से मिलान किया। इसके साथ ही स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन और भौतिक स्टॉक का सत्यापन भी किया।

निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर स्टॉक रजिस्टर में दर्ज मात्रा और गोदाम में रखे स्टॉक में अंतर पाया गया। कई दुकानों पर मूल्य सूची बोर्ड नहीं लगा था। कुछ विक्रेताओं के पास अनुज्ञा पत्र में दर्ज निर्माता के अलावा अन्य कंपनी का उर्वरक भी मिला। निरीक्षण के दौरान जो विक्रेता अपने प्रतिष्ठान बंद करके चले गये, कृषि विभाग उसे भी गंभीरता से ले रहा है और उनके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी। इन सभी अनियमितताओं पर कृषि विभाग ने मौके पर ही नोटिस जारी करके कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित