बारां , अक्टूबर 23 -- राजस्थान में बारां जिला परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।

जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया के नेतृत्व में जिला परिषद के वार्ड संख्या 3, 4, 7, 8, 10, 11 और 22 के कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करवाए गए। इसके बाद भाया ने वार्ड संख्या चार की कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका नन्दवाना के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया।

इस दौरान विधिवत पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। इसके बाद उर्मिला जैन भाया ने प्रियंका नन्दवाना एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम पलायथा में जनसम्पर्क करके ग्रामीणों से समर्थन मांगा। उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित