बारां , मई 12 -- राजस्थान में राज्य सरकार की राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) योजना को बीमा मोड पर देने की संभावनाओं और निजी अस्पतालों द्वारा इलाज बंद किए जाने के विरोध में मंगलवार को बारां जिला मुख्यालय पर अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के नेतृत्व में कर्मचारियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान कर्मचारियों ने राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का पुतला दहन करके मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

महासंघ के जिलाध्यक्ष रामप्रसाद नागर एवं जिला महामंत्री भूपेंद्र माथोड़िया ने बताया कि राज्य सरकार आरजीएचएस योजना में बढ़ते खर्च का हवाला देकर इसे बीमा मॉडल पर संचालित करने की तैयारी कर रही है। वहीं दूसरी ओर निजी अस्पताल करीब 2200 करोड़ रुपए के बकाया भुगतान का हवाला देते हुए कर्मचारियों एवं पेंशनरों का इलाज करने से इन्कार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्यभर में 25 मार्च से दवाइयों की आपूर्ति प्रभावित हैं और 14 अप्रैल से कई निजी अस्पतालों ने आईपीडी एवं अन्य चिकित्सा सेवाएं बंद कर दी हैं।

महासंघ के नेताओं ने आरोप लगाया कि इस स्थिति के कारण गंभीर बीमारियों से पीड़ित हजारों कर्मचारी एवं पेंशनर निजी खर्च पर इलाज कराने को मजबूर हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि आरजीएचएस योजना के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित