बारां , जून 28 -- राजस्थान के बारां में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तेल फैक्ट्री में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जगदीश कुशवाह ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया।
सीएमएचओ डॉ. कुशवाह ने कहा कि राजस्थान सरकार प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के माध्यम से सभी वर्गों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचा रही है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को हर बार पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि रविवार को जिलेभर के पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। अब आगामी दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग के दल घर-घर जाकर और दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में एक लाख 69 हजार 788 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में 972 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। अभियान के पहले दिन करीब एक लाख 19 हजार 471 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई, जो निर्धारित लक्ष्य का करीब 71 प्रतिशत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित