बारां , मार्च 10 -- राजस्थान में बारां जिला अस्पताल से मंगलवार को तड़के एक कैदी फरार हो गया।
कैदी बल्लू जाटव वर्ष 2007 के हत्या मामले में वांछित था और उस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। 19 वर्ष बाद उसे हाल ही में गिरफ्तार किया गया था। इस कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सूत्रों ने बताया कि बल्लू जाटव को छबड़ा उपखंड जेल से उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। वह मंगलवार को तड़के करीब तीन बजे अस्पताल की खिड़की तोड़कर भागने में कामयाब हो गया। बताया जाता है कि उस समय ड्यूटी पर तैनात चलानी गार्डों को नींद की झपकी लग गई थी। कैदी ने इसका फायदा उठाकर अस्पताल के पलंग का हत्था निकालकर खिड़की तोड़ी और फरार हो गया।
उल्लेखनीय है कि बल्लू जाटव पिछले 19 वर्षों से अपनी पहचान बदलकर रहा रहा था। वह वर्ष 2007 में एक हत्या के जुर्म में वांछित था, जिस पर पुलिस ने 20 हजार का ईनाम घोषित किया हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक हाल ही में जिला विशेष दल (डीएसटी) और छीपाबड़ौद थाना पुलिस ने उसे मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया था। उसे न्यायिक अभिरक्षा में छबड़ा जेल भेजा गया। जेल में तबीयत खराब होने से उसे उपचार के लिए बारां जिला अस्पताल लाया गया था, जहां से वह फरार हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित