बारां , अगस्त 22 -- राजस्थान में बारां नगर परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।

प्रदेश नेतृत्व एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार के निर्देश पर पार्षद पद के लिए इच्छुक कार्यकर्ताओं से अधिकृत आवेदन मांगे गये थे। आवेदन प्रक्रिया के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

सांसद कार्यालय में शहर अध्यक्ष ओ पी पारेता के समक्ष महज दो दिनों में 314 आवेदन प्राप्त हुए हैं।श्री पारेता ने बताया कि नगर परिषद चुनाव में पार्षद पद पर चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से पार्टी के अधिकृत आवेदन फॉर्म पर आवेदन मांगे गये थे। निर्धारित अवधि में 314 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदनों को पार्टी नेतृत्व के समक्ष भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसके बाद पार्टी स्तर पर आवेदकों की संगठनात्मक सक्रियता, जनसम्पर्क और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मंथन किया जाएगा। इसके आधार पर योग्य एवं मजबूत दावेदारों का चयन करके उन्हें पार्टी का अधिकृत चुनाव चिह्न प्रदान किया जाएगा।

भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि पार्टी द्वारा विभिन्न वार्डों में अपने स्तर पर सर्वेक्षण भी करवाया जा रहा है। इसमें कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनसम्पर्क, संगठन में भूमिका, सामाजिक स्वीकार्यता और वार्ड की चुनावी स्थिति सहित विभिन्न पहलुओं का आकलन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण और प्राप्त आवेदनों के आधार पर चयन समिति द्वारा विचार-विमर्श करके योग्य एवं जिताऊ उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित